आरपीएफ का बड़ा खुलासा: रेलवे संपत्ति चुराने वाला गिरोह पकड़ा, कॉपर वायर और पेंड्रोल क्लिप बरामद

 


जबलपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे यार्ड से रेल संपत्ति चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ ने चोरी करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से रेलवे की चोरी गई संपत्ति बरामद कर सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि शनिवार को रेलवे यार्ड के किलोमीटर 991/31 के पास गश्त के दौरान चार संदिग्धों को खड़े रेलवे कोच से रेलवे सामग्री चोरी करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 26 पेंड्रोल क्लिप और करीब 16 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल एक स्थानीय कबाड़ी को बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर आरपीएफ टीम ने कबाड़ी के ठिकाने पर दबिश दी, जहां आरोपी ने चोरी का माल खरीदना स्वीकार कर लिया। उसकी दुकान से रेलवे की चोरी गई सामग्री बरामद की गई। आरोपियों ने भी बरामद सामान की पहचान करते हुए पुष्टि की कि यही वह सामग्री है, जिसे रेलवे यार्ड से चोरी किया गया था।

आरपीएफ ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई पूरी की। बरामद रेलवे संपत्ति को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में रवि चौधरी, निवासी चौधरी मोहल्ला, दुर्गा चौक बाबा टोला, हनुमानताल, शंकर चौधरी, निवासी सिंधी कैंप, रवि चौधरी उर्फ चीनी, निवासी बाबा टोला, लवकुश चौधरी, निवासी मदार छल्ला, मोती नगर दुर्गा मंदिर के पास तथा चोरी का माल खरीदने वाला मोहम्मद जाकिर उर्फ करिया, निवासी हड्डी गोदाम के पास शामिल है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अरविंद सिंह, योगेंद्र सिंह सहित रेलवे सुरक्षा बल के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times