जबलपुर। मदनी मिल्लत समिति के तत्वावधान एवं वरिष्ठ समाजसेवी मतीन अंसारी की सरपरस्ती में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला विशाल लंगर-ए-आम मंगलवार को मुस्लिम बहुल क्षेत्र चार खंबा में बाद नमाज़-ए-मग़रिब आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कुरआनख़्वानी और फ़ातिहा से हुई, जिसके बाद बड़ी संख्या में मौजूद अकीदतमंदों और आम लोगों के लिए लंगर-ए-आम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने शिरकत कर लंगर ग्रहण किया।
कार्यक्रम में समिति द्वारा विशेष रूप से मीडिया प्रतिनिधि अरशद अली कादरी सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सामाजिक और मीडिया क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
वरिष्ठ समाजसेवी मतीन अंसारी ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन की शहादत पूरी इंसानियत के लिए सबक है। उन्होंने कहा कि ज़रूरतमंदों की मदद करना, अधिक से अधिक लंगर आयोजित करना और प्यासों को पानी पिलाना इमाम हुसैन की शिक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने लोगों से समाज सेवा और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की।
इस अवसर पर मदनी मिल्लत समिति के अध्यक्ष आसिफ इकबाल, कुतुबुद्दीन, मोहम्मद शोएब, गुड्डू बाबा, अफरोज, सादिक भाई, परवेज़ अख्तर, मोइन अख्तर, अजहर बाबा सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अंत में समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों, अकीदतमंदों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।

