महिला का आरोप- शिकायत के बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर, अब आरोपी दे रहा जान से मारने की धमकी; पुलिस जांच में जुटी

 


जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने मदन महल निवासी विनोद गुप्ता पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2013 में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाकर उसे अपने साथ रखा और 13 वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान महिला ने वर्ष 2016 में एक पुत्र और 2019 में एक पुत्री को जन्म दिया। लंबे समय तक साथ रहने के बाद भी आरोपी ने विवाह करने से इंकार कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे अलग-अलग किराए के मकानों में अपने साथ रखता था और शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाए रखता रहा। महिला का यह भी आरोप है कि वर्ष 2021 में आरोपी उसे एक परिचित के घर ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा और अंततः उसे छोड़कर फरार हो गया।

शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप

मामले को लेकर महादलित परिसंघ के जिलाध्यक्ष आकाश मलिक ने घमापुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि पीड़िता 4 जुलाई 2026 को शिकायत लेकर थाने पहुंची थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी महिला और उसके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकियां दे रहा है।

रुपयों का लालच और धमकियों का आरोप

पीड़िता का कहना है कि जब उसने न्याय की मांग की तो आरोपी ने पहले समझौते के लिए रुपयों का लालच दिया और बाद में शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसका केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक और भावनात्मक शोषण भी किया है।

दो बच्चों के भविष्य की चिंता, सुरक्षा की मांग

महिला ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि उसके दोनों बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है और वह लंबे समय से न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। उसने शासन और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने जांच की कही बात

महादलित परिसंघ ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह समाचार पीड़िता और शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि होना शेष है। आरोपी का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times