अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 140 लीटर शराब जब्त, तीन आरोपी दबोचे

 



जबलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए चरगवां पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 140 लीटर कच्ची शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हीरापुर नाला के पास दो युवक बड़ी मात्रा में कच्ची शराब लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अंशुल मरकाम (21) और श्रीराम बरकड़े (21) निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो प्लास्टिक केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

इसी दिन चरगवां पुलिस ने दूसरी कार्रवाई ग्राम सोमती केनाल के पास की। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अंकित कुमार गोंड (19) निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी दो केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times