अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस का एक्शन, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं खान एवं खनिज अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 28 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरकटिया घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने पुलिस टीम के साथ ग्राम अहमदपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने घेराबंदी की।

इसी दौरान गोटेगांव की ओर से आ रहे आईसर ट्रैक्टर (क्रमांक MP-49-A-6716) को रोककर उसकी जांच की गई। ट्रॉली में बड़ी मात्रा में रेत लदी मिली। चालक की पहचान धीरेन्द्र पिपरोलिया, निवासी ग्राम नोनी, थाना गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई।

पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह अपने पिता के ट्रैक्टर से अवैध रूप से रेत निकालकर चरगवां क्षेत्र में बेचने के लिए ले जा रहा था। उसके पास रेत के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी नहीं मिले।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) बीएनएस तथा 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में आरक्षक अभिषेक कौरव, राहुल भारती और विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times