रानी दुर्गावती के नाम पर हो एयरपोर्ट का नाम - राकेश सिंह



जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर किए जाने हेतु लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से भेंट कर इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार से स्वीकृति दिलाने हेतु आग्रह किया। मंत्री श्री राकेश सिंह के साथ प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूली शिक्षा मंत्री श्री उदयप्रताप सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार, ऊर्जा मंत्री श्री प्रदुमय तोमर, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री श्री लखन पटेल, पर्यटन मंत्री एवं संस्कृति राज्यमंत्री मंत्री श्री धर्मेन्द्र लोधी, चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री जी से भेंट की।


उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के प्रयासों के परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश विधानसभा से यह प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा जा चुका है, इस प्रस्ताव को केन्द्र सरकार से स्वीकृति दिलाने हेतु मंत्री मंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया है।


लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर जबलपुर एयरपोर्ट का नाम का प्रस्ताव जनजातीय गौरव और सम्मान का प्रतीक है क्योंकि वीरांगना रानी दुर्गावती केवल एक पराक्रमी योद्धा ही नहीं थीं, बल्कि उनका जल प्रबंधन और कृषि प्रबंधन आज के वैज्ञानिकों को भी आश्चर्यचकित करता है। 


उन्होंने कहा रानी दुर्गावती जो 52 गढ़ों की साम्राज्ञी थी, जिन्होंने मात्र 41 वर्ष की आयु में 52 युद्ध लड़े और 51 में विजय हासिल की। उनका साम्राज्य मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक विस्तृत था। वे नारी शक्ति की प्रत्यक्ष प्रतीक रही हैं। जबलपुर एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाना सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times