जबलपुर। भीषण गर्मी और लगातार घटते जलस्तर के बीच शहरवासियों को पेयजल संकट से बचाने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जल विभाग कार्यालय पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के किसी भी वार्ड में पानी की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
परियट जलाशय में जलस्तर कम होने के कारण पानी की उपलब्धता बनाए रखना इस समय सबसे बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए निगम ने 25 प्रशिक्षित कर्मचारियों की विशेष टीम को दिन-रात जलाशय पर तैनात किया है। आधुनिक मशीनों की सहायता से ड्रेजिंग (तल सफाई) का कार्य लगातार कराया जा रहा है, ताकि पंपिंग स्टेशन तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचता रहे और शहर की जलापूर्ति प्रभावित न हो।
हर वार्ड में तय समय और पर्याप्त प्रेशर से मिले पानी
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में निर्धारित समय पर और पर्याप्त प्रेशर के साथ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। टैंकरों के रूट चार्ट की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी की शिकायत न मिले।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य पाइप लाइनों में यदि कहीं लीकेज मिलता है तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे पानी की बर्बादी रोकी जा सके और जरूरतमंद क्षेत्रों तक पर्याप्त जल पहुंच सके।
कार्यालय नहीं, फील्ड में दिखें अधिकारी
निगमायुक्त ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों का मौके पर पहुंचकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जल विभाग के साथ अन्य व्यवस्थाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में केवल जलापूर्ति ही नहीं, बल्कि फायर ब्रिगेड, अतिक्रमण, स्वास्थ्य विभाग और सीएम हेल्पलाइन के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर शहर की मूलभूत सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
फायर विभाग को अग्निशमन सुरक्षा मजबूत करने, बाजार विभाग को अतिक्रमण हटाने तथा स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए सभी जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर रहेगा विशेष फोकस
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने विभागवार समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्य के प्रति जवाबदेह रहेगा। जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे नगर निगम की सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त शिवांगी महाजन, फायर अधीक्षक कुसाग्र ठाकुर सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।