मध्य प्रदेश के हतनारा गांव में गुरुवार रात मोहर्रम के जुलूस में दर्दनाक हादसा हुआ है. देर रात मुहर्रम जुलूस के साथ निकाला जा रहा ताजिया बिजली की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे 3 लोगों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. हादसा रात करीब 11:00 के आसपास का बताया जा रहा है.ताजिए में करंट फैलते ही हुआ धमाका, कई झुलसे
बिजली के तार से टच होते ही ताजिए में लगी रॉड में करंट फैल गया और ताजिए पकड़ कर चल रहे सभी लोग वहीं गिर पड़े. इस दौरान बिजली की चिंगारी से कई लोग झुलस गए और मौके पर भगदड़ मच गई. हादसे में 2 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई. हादसे में 10 से अधिक घायलों को मेडिकल कॉलेज और अन्य निजी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है.
15 फीट की ऊंचाई पर थी हाई टेंशन लाइन
दरअसल, मोहर्रम के त्यौहार के एक दिन पूर्व गांव में ताजिए निकाले जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ है. प्रत्यक्षदर्शी शाकिर शाह ने बताया, '' रात 11 बजे ताजिए का जुलूस निकाला जा रहा था. जुलूस देखने के लिए डेढ़ सौ से 200 लोग इकट्ठे हुए थे. गांव के मेवाती मोहल्ला से जुलूस लेकर लोग जैसे ही आगे बढ़े तभी ताजिया 15 फीट की कम ऊंचाई से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से टच हो गया. ताजिए में करंट फैल गया और ताजिया उठाकर ले जा रहे लोगों को करंट लगा और जोर का धमाका हुआ, जिससे वे नीचे जा गिरे. किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था. 15 से अधिक लोगों को करंट लगा जिसमें 10 की हालत गंभीर थी.''
प्रत्यक्षदर्शी शाकिर ने कहा, '' निजी वाहनों से सभी को रतलाम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया गया.'' वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पिपलौदा थाना पुलिस और एडिशनल एसपी विवेक कुमार मौके पर पहुंचे हैं.
2 की मौके पर मौत, 1 ने रास्ते में तोड़ा दम
एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया, '' ताजिया के जुलूस के दौरान करंट लगने से 32 वर्षीय राशिद खान पिता वाहिद खान और 40 वर्षीय सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन दोनों निवासी ग्राम हतनारा की मौत हुई है. करीब 10 लोग घायल हुए हैं जिन्हें मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है. वहीं, मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने बताया, '' तीसरे व्यक्ति की रास्ते में मौत हो गई है. मृतक अरबाज खान के परिजन उसे मेडिकल कॉलेज से वापस लेकर किसी अन्य अस्पताल लेकर चले गए थे. उसकी भी मौत हो गई है.''
Tags
top
