मारपीट न करने के बदले मांगी थी 1.10 लाख की रिश्वत, 50 हजार लेते पुलिसकर्मी गिरफ्तार

 




भीलवाड़ा/रतलाम। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी तपेश गोसाई, रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना में पदस्थ है। एसीबी ने भीलवाड़ा के एक होटल में कार्रवाई करते हुए उसकी जेब से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की।



राजस्थान एसीबी के डीएसपी डॉ. नरपत सिंह के अनुसार, जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के एक मामले में शिकायतकर्ता के साथ नरमी बरतने, मारपीट नहीं करने और जांच में सहयोग देने के बदले हेड कॉन्स्टेबल ने 1 लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह पहले ही 10 हजार रुपये दे चुका था, जबकि 50 हजार रुपये की दूसरी किस्त लेने के लिए आरोपी भीलवाड़ा के एक होटल में पहुंचा था।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और होटल में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 50 हजार रुपये सौंपे, पहले से तैनात एसीबी टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि रिश्वत नहीं देने पर आरोपी ने शिकायतकर्ता को हथकड़ी पहनाकर सार्वजनिक रूप से घुमाने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि रतलाम पुलिस की एक टीम मामले की जांच के सिलसिले में भीलवाड़ा पहुंची हुई थी, इसी दौरान यह कार्रवाई हुई।

इधर, रतलाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें फिलहाल समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए मिली है। राजस्थान एसीबी अथवा भीलवाड़ा पुलिस से आधिकारिक सूचना प्राप्त होते ही आरोपी हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल राजस्थान एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times