जबलपुर नगर निगम ने टैक्स बकाया मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए रांझी तुलसी नगर स्थित पटेल बारात घर की करीब 2 हजार स्क्वायर फीट जमीन का अधिग्रहण कर लिया है। यह कार्रवाई बारात घर संचालक द्वारा कई वर्षों से नगर निगम टैक्स जमा न करने के चलते की गई।
नगर निगम के अनुसार बारात घर संचालक पर लगभग 6 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। रिकॉर्ड में सामने आया है कि बारात घर के निर्माण के बाद से अब तक नियमित रूप से टैक्स का भुगतान नहीं किया गया। बकाया वसूली को लेकर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की।
पहले भी दिए गए थे नोटिस
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बकायादारों को टैक्स जमा कराने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद पटेल बारात घर संचालक ने टैक्स जमा नहीं किया। मजबूरन निगम को यह कठोर कदम उठाना पड़ा।
निगम ने संचालक को एक दिन की मोहलत दी है। यदि तय समय सीमा में पूरा टैक्स जमा कर दिया जाता है तो आगे की कार्रवाई रोक दी जाएगी। अन्यथा अधिग्रहित जमीन को नीलाम कर बकाया टैक्स की वसूली की जाएगी।
Tags
jabalpur
