यवतमाल में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन विदर्भ प्रदेश इकाई की बैठक, सदस्यता अभियान और पत्रकार सुरक्षा पर जोर
यवतमाल। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन महाराष्ट्र की विदर्भ प्रदेश कमेटी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक एवं सदस्यता कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में पत्रकारिता की गरिमा, पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता, संगठन के कार्यों तथा सदस्यता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सदस्यों को संगठन के परिचय पत्र भी वितरित किए गए।
प्रदेश अध्यक्ष सैय्यद ज़ाकिर हुसैन ने कहा कि पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, सच्चाई और स्पष्टता अत्यंत आवश्यक है। पत्रकार की पहचान उसकी निष्पक्ष लेखनी और तथ्यपरक खबरों से होती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभानी चाहिए।
पत्रकारों के हित, सम्मान और अधिकारों पर चर्चा
एड. राहुल शेंडे ने कहा कि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकारों के हित, सम्मान और अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि खबरों में प्रामाणिकता और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने से ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता मजबूत होती है।
महिला पत्रकारों की भागीदारी और सुरक्षा जरूरी
महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नेहा नागभिडकर ने कहा कि वर्तमान समय में महिला पत्रकारों की भागीदारी और सुरक्षा दोनों अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर निडरता से समाचार संकलन करने वाली महिला पत्रकारों को मजबूत संगठनात्मक सहयोग और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
एकता और तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर
महिला विंग की जिला अध्यक्ष मीनाक्षी मून ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पत्रकारों की सजगता, एकता और निष्पक्ष भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं रितेश मुन ने पत्रकारों से निरंतर अध्ययन और तथ्यपरक लेखन पर ध्यान देने की बात कही।
सदस्यता अभियान को मिलेगी गति
बैठक के अंत में संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान को गति देने का निर्णय लिया गया। नए पत्रकारों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई। इसके साथ संगठन विस्तार और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर भी सहमति बनी।
