देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफ — मोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

सागर के बंडा में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, जहरीली शराब की आशंका की जांच

असकरी टाइम्स

सागर के बंडा में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, जहरीली शराब की आशंका की जांच

सागर। बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक की घर पर और दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जहरीली शराब की आशंका की भी जांच कर रही है।



पुलिस के मुताबिक दोनों पहले से बीमार थे

पुलिस ने मृतकों की पहचान कमलेश पिता नारायण लोधी (45) और चंद्रभान पिता मुलायम सिंह (42) के रूप में की है। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक कमलेश को पाइल्स की बीमारी थी और लगातार रक्तस्राव हो रहा था। शराब पीने के बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चंद्रभान भी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा था। परिजनों के अनुसार उसे पहले भी खून की उल्टियां होती थीं। करीब तीन महीने पहले उसे बंसल हॉस्पिटल और भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को शराब पीने के बाद वह मजदूरी करने पत्थर की खदान पर गया। सिर में तेज दर्द होने पर वह घर लौटा और बिना खाना खाए सो गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

घरों के आसपास मिले शराब के खाली क्वार्टर

मौतों की सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची। मृतकों के घरों के आसपास मिले शराब के खाली क्वार्टर जब्त कर लिए गए। शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय के मुताबिक कमलेश पहले शराब बेचता था। इस सूचना पर पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उसके घर समेत दो ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वहां शराब नहीं मिली। जांच में पता चला कि बंडा शराबकांड के बाद उसने शराब बेचना बंद कर दिया था।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

एडिशनल एसपी ने बताया कि दोनों मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की जांच की गई है और परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस को शराब सरकारी दुकान से खरीदे जाने की जानकारी मिली है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।

बंडा और शाहगढ़ में पहले भी हुआ था जहरीली शराब का मामला

सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में पहले हुए जहरीली शराब कांड में 36 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर समेत 34 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच में गुजरात से स्प्रिट और उत्तर प्रदेश के ललितपुर से नकली बोतलें व रैपर लाए जाने की बात सामने आई थी।

अक्टूबर में देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में भी 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि प्रशासन ने उन मौतों की वजह जहरीली शराब होने की पुष्टि नहीं की थी।

असकरी टाइम्स

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times
askari times