मध्य प्रदेश में दो पाकिस्तानी फेयरनेस क्रीम की बिक्री रोकने के निर्देश, भारी धातुओं की आशंका पर चेतावनी
जबलपुर। मध्य प्रदेश में पाकिस्तान में निर्मित ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश ने शनिवार को दोनों उत्पादों को लेकर जनस्वास्थ्य चेतावनी जारी की। इनमें निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं होने की आशंका जताई गई है, जो त्वचा और शरीर के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।
भारत में बिक्री के लिए आयात पंजीकरण नहीं
विभाग के मुताबिक, दोनों क्रीमों की भारत में बिक्री के लिए आवश्यक आयात पंजीकरण जारी नहीं किया गया है। दोनों उत्पाद पाकिस्तान में निर्मित बताए गए हैं। निर्धारित मानकों से अधिक भारी धातुएं मौजूद होने की आशंका के चलते इनका इस्तेमाल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने उपभोक्ताओं और कारोबारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही बाजार में इन उत्पादों की उपलब्धता की स्थिति पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
केमिस्ट एसोसिएशन ने सभी जिलों में भेजा अलर्ट
विभागीय सूचना के बाद मध्य प्रदेश केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने प्रदेशभर के दवा कारोबारियों को अलर्ट किया है। एसोसिएशन के सचिव जितेंद्र धाकड़ और जबलपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आजाद जैन ने सभी जिला अध्यक्षों और सचिवों से यह सूचना अपने-अपने जिले के केमिस्टों तक तत्काल पहुंचाने की अपील की है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि दोनों प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं की जानी चाहिए। प्रदेश के सभी दवा विक्रेताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि इनकी बिक्री पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।
दुकानों में स्टॉक हो तो तत्काल बंद करें बिक्री
केमिस्ट एसोसिएशन ने कारोबारियों से कहा है कि किसी मेडिकल या कॉस्मेटिक दुकान पर गोरी ब्यूटी क्रीम अथवा चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम का स्टॉक उपलब्ध हो तो उसकी बिक्री तत्काल बंद कर दी जाए। जिला पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के केमिस्टों को चेतावनी के बारे में जागरूक करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
एसोसिएशन ने कारोबारियों से विभागीय निर्देशों का पालन करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की है। उसका कहना है कि दवा और कॉस्मेटिक कारोबार की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी कारोबारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
खरीदारी के समय सावधानी बरतें उपभोक्ता
फेयरनेस और स्किन व्हाइटनिंग के नाम पर बिकने वाली क्रीम खरीदते समय सावधानी बरतें। किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद का इस्तेमाल करने से पहले उसकी निर्माण संबंधी जानकारी, आयात से जुड़े विवरण और वैधता की जांच करें।
