जबलपुर लाई जा रही 50 किलो गांजे की खेप कटनी में पकड़ी, कार छोड़ भागा तस्कर
जबलपुर/कटनी। उमरिया से जबलपुर के लिए गांजा लेकर निकले एक तस्कर की कार को कटनी में पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा किए जाने पर वह कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। कार की तलाशी में पुलिस को करीब 50 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार को चेकिंग के दौरान रोकने का संकेत दिया गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।
बढ़ागांव रोड पर कार छोड़कर भागा
संदेह होने पर पुलिस ने कार का पीछा किया। चालक ने बढ़ागांव रोड स्थित फॉरेस्ट स्मृति भवन के पास कार रोकी और वाहन से उतरकर भाग निकला।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास तलाश की, लेकिन चालक हाथ नहीं आया। इसके बाद कार की तलाशी ली गई।
जबलपुर सप्लाई की बात की जांच
प्रारंभिक जानकारी में गांजे की खेप उमरिया से जबलपुर ले जाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और जबलपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।
कार और गांजा जब्त, आरोपी की तलाश
पुलिस ने बिना नंबर की कार और बरामद गांजा जब्त कर लिया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
