जबलपुर। मझौली क्षेत्र में चोरों ने किसान शशि शंकर तिवारी के सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब परिवार अष्टमी पूजन के लिए अपने पैतृक गांव गया हुआ था।
रविवार को परिवार घर लौटा तो बाहर का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था।
70 हजार नकद और जेवर चोरी
पुलिस के अनुसार चोर अलमारी से करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, चांदी की पायल सहित अन्य आभूषण और साड़ियां चोरी कर ले गए।
परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई है। वास्तविक मूल्य का आकलन पुलिस जांच और सामान की सूची के आधार पर किया जा रहा है।
अष्टमी पूजन के लिए गया था परिवार
बताया गया है कि शशि शंकर तिवारी अपने परिवार के साथ अष्टमी पूजन के लिए पैतृक गांव गए थे। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी पड़ताल की जा रही है।