शराब की सूचना पर पहुंची क्राइम ब्रांच, थैले से निकला 582 ग्राम गांजा
जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र में बुधवार रात अवैध शराब की सूचना पर दबिश देने पहुंची पुलिस को मौके से शराब तो नहीं मिली, लेकिन एक व्यक्ति के थैले से कथित रूप से 582 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के अनुसार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि ग्राम घुघरी तिराहा पर एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और चरगवां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
संदिग्ध के थैले की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस के अनुसार मौके पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवकुमार चौबे, निवासी ग्राम जमुनिया बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद मटमैले रंग के थैले में गांजा मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने बरामद पदार्थ की तौल कराई, जिसका वजन करीब 0.582 किलोग्राम यानी 582 ग्राम बताया गया।
आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
