देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

कटनी से ट्रेन से जबलपुर आई महिला के जेवर गायब, ऑटो में पर्स से हीरे की अंगूठी समेत सोना-चांदी चोरी का शक




जबलपुर स्टेशन से सिंधी कैंप जाने के लिए किया था ऑटो; पहले से बैठा था सफेद कपड़े और टोपी पहने युवक, हनुमानताल पुलिस जांच में जुटी


जबलपुर। कटनी से ट्रेन द्वारा बच्चों के साथ जबलपुर आई एक महिला के बैग में रखे पर्स से हीरे की अंगूठी सहित सोने-चांदी के कई जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। महिला ने जबलपुर रेलवे स्टेशन से मायके जाने के लिए ऑटो किया था, जिसमें पहले से एक अज्ञात युवक बैठा हुआ था। महिला ने उसी युवक पर जेवर चोरी करने का संदेह जताया है। शिकायत पर हनुमानताल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार माधवनगर, कटनी निवासी हेमलता सतनामी रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों के साथ अपने मायके जबलपुर आई थीं। वह दो बड़े और एक छोटे बैग के साथ कटनी साउथ से अंबिकापुर ट्रेन में सवार होकर जबलपुर स्टेशन पहुंचीं।

ऑटो में पहले से बैठा था अज्ञात युवक

स्टेशन से सिंधी कैंप बाबा टोला जाने के लिए महिला ने नीले रंग का एक ऑटो किया। शिकायत के मुताबिक वह ऑटो का नंबर नहीं देख सकीं। ऑटो में पहले से एक अज्ञात युवक बैठा था, जिसने टोपी और सफेद कपड़े पहन रखे थे।

महिला का कहना है कि ईद के कारण घमापुर का रास्ता बंद होने की बात कहते हुए चालक ऑटो को शीतलामाई और प्रेमसागर चौकी वाले रास्ते से लेकर गया और उसे सिंधी कैंप में उतार दिया। इसके बाद चालक उसी अज्ञात युवक को लेकर रद्दी चौकी की ओर चला गया।

ऑटो से उतरते ही बैग हल्का लगने पर हुआ शक

शिकायत के अनुसार ऑटो से उतरने के बाद महिला को जेवर वाला बैग कुछ हल्का महसूस हुआ था, लेकिन बच्चों और अन्य सामान को संभालने के कारण उसने तत्काल पर्स की जांच नहीं की।

मायके पहुंचने के बाद मां का ऑपरेशन और तबीयत खराब होने के कारण भी वह बैग नहीं देख सकी। 28 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे तैयार होने के लिए पर्स खोला तो उसमें रखे जेवर गायब मिले।

हार, मंगलसूत्र और हीरे की अंगूठी समेत कई जेवर गायब

महिला ने पुलिस को बताया कि पर्स में रखा सोने का हार, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमके, अंगूठी, हीरे की अंगूठी, सोने के टॉप, चांदी की अंगूठी और एक जोड़ी पायल सहित अन्य जेवर गायब थे।

महिला ने ऑटो में पहले से बैठे अज्ञात युवक पर चोरी करने की आशंका जताई है। हालांकि चोरी किसने और किस स्थान पर की, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

ऑटो और संदिग्ध की तलाश में पुलिस

हनुमानताल पुलिस अब महिला द्वारा बताए गए रास्ते और घटनाक्रम के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। जबलपुर रेलवे स्टेशन से सिंधी कैंप तक के संभावित मार्ग पर लगे CCTV कैमरों से ऑटो और उसमें बैठे संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times