रितिक जायसवाल और प्रथम सिंह राजपूत पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल; पूछताछ में सामने आया था जब्बार उर्फ मामू खान का नाम, पिस्टल के साथ एक कारतूस भी जब्त
जबलपुर। सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई माढ़ोताल पुलिस की जांच एक और आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने जब्बार उर्फ मामू खान को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर पाटन बायपास सर्विस रोड के किनारे पत्थर और गिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक यही पिस्टल वायरल वीडियो में फायरिंग के लिए इस्तेमाल की गई थी।
इस मामले में वीडियो में दिखाई दिए रितिक जायसवाल और प्रथम सिंह राजपूत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया था।
सड़क किनारे पिस्टल से फायर करते दिखा था युवक
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के अनुसार कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का एक वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर उसकी तस्दीक और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की।
जांच में वीडियो का स्थान मरघटाई के पास टगर माढ़ोताल बताया गया। पुलिस के अनुसार वीडियो में सत्यम होम्स माढ़ोताल निवासी रितिक जायसवाल और कचनार सिटी निवासी प्रथम सिंह राजपूत सड़क किनारे खड़े दिखाई दिए। इसी दौरान रितिक कथित तौर पर पिस्टल से फायर करता नजर आया।
सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग से लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा होने के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
पूछताछ में आया जब्बार का नाम
पुलिस के अनुसार रितिक और प्रथम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। रितिक ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन-चार महीने पहले हनुमानताल निवासी जब्बार से पिस्टल ली थी और घटना के बाद उसे वापस कर दिया था।
पुलिस ने रितिक के कब्जे से एक आईफोन और एक यामाहा RX मोटरसाइकिल भी जब्त की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कृषि उपज मंडी के पास से पकड़ा गया ‘मामू खान’
रितिक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस जब्बार की तलाश कर रही थी। बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कृषि उपज मंडी के पास दबिश देकर जब्बार उर्फ मामू खान को हिरासत में लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने पिस्टल को पाटन बायपास सर्विस रोड के किनारे गिट्टी और पत्थरों के नीचे छिपाने की जानकारी दी।
पॉलीथिन में छिपाकर रखी थी पिस्टल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस पाटन बायपास सर्विस रोड पहुंची। यहां सड़क किनारे पत्थर और गिट्टी हटाने पर एक पॉलीथिन के अंदर रखी एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस अब हथियार के स्रोत सहित यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल आरोपी के पास कहां से और कैसे पहुंची थी।
पुलिस का दावा—पहले से दर्ज हैं 11 अपराध
माढ़ोताल पुलिस के अनुसार जब्बार उर्फ मामू खान के खिलाफ कोतवाली, लॉर्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थानों में पूर्व से 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों की प्रकृति और वर्तमान स्थिति का रिकॉर्ड भी पुलिस द्वारा देखा जा रहा है।
