देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

अकीदत और मुहब्बत से निकला जुलूस-ए-मुहम्मदी



जबलपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के यौमे विलादत के मौके पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी बुधवार को शहर में अकीदत, मोहब्बत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की।

बज्म-ए-गुलशन-ए-मदीना के संयोजन में निकाले गए मुख्य जुलूस-ए-मुहम्मदी की कयादत मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉक्टर मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी ने फरमाई। जुलूस की शुरुआत नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक से दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। नया मोहल्ला मुहम्मदी गेट पर बज्म-ए-गुलशन-ए-मदीना के अध्यक्ष खालिद मुबीन, हाजी सलीमुद्दीन, हाफिज अशफाक, पप्पू वसीम खान, जमा खान, नकी खान, हाफिज इश्तियाक सहित अन्य लोगों ने पुष्प वर्षा और गुलाब जल का छिड़काव कर मुफ्ती-ए-आजम का इस्तकबाल किया।

जुलूस में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी सहभागिता की। जुलूस परंपरागत प्रमुख मार्गों से होता हुआ अंजुमन स्कूल पहुंचा। हजारों की तादाद में अकीदतमंद इसमें शामिल हुए। नौजवान नारे लगाकर अपनी अकीदत और मोहब्बत का इजहार कर रहे थे। बड़ी संख्या में ई-रिक्शा भी जुलूस में शामिल रहे, जिनमें सवार मासूम बच्चे इस्लामी लिबास में नजर आए और हाथों में हरे परचम लहराते हुए खुशी का इजहार कर रहे थे।

जुलूस मार्ग पर विभिन्न कमेटियों की ओर से मुफ्ती-ए-आजम और जुलूस का इस्तकबाल किया गया। जायरीनों के लिए जगह-जगह पानी और लंगर के स्टॉल लगाए गए थे। अंजुमन स्कूल परिसर में दोपहर 3 बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। शाम तक परिसर में बड़ी संख्या में जायरीन जमा हो गए। शहर के विभिन्न इलाकों और बस्तियों से निकले जुलूस शाम करीब 4 बजे अंजुमन स्कूल पहुंचना शुरू हुए, जबकि मुख्य जुलूस लगभग 5:30 बजे परिसर पहुंचा। यहां स्कूल के पदाधिकारियों ने मुफ्ती-ए-आजम और जुलूस का इस्तकबाल किया।

अंजुमन परिसर में अव्यवस्थाओं से जायरीन परेशान

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अंजुमन परिसर में बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने के बावजूद व्यवस्थाओं को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य गेट से मैदान तक कई स्थानों पर पानी और कीचड़ फैला हुआ था, जिसके कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। जायरीनों को कई स्थानों पर कीचड़ और पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

बताया गया कि परिसर में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के चलते मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉक्टर मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी भी अंजुमन स्कूल स्थित मंच तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते उन्होंने मुस्लिम समाज को मंच से संबोधित नहीं किया। हालांकि अपने संक्षिप्त वक्तव्य में उन्होंने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के शांतिपूर्ण और शालीनता से समापन के लिए पुलिस प्रशासन का शुक्रिया अदा किया।

ईद मिलादुन्नबी जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने के बावजूद पर्याप्त सुविधा और व्यवस्था नहीं होने से लोगों में निराशा भी देखी गई। जायरीनों ने आयोजकों से भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के दौरान साफ-सफाई, जल निकासी, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की।

इमामबाड़े में तबर्रुक तकसीम

सिटी कोतवाली बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला के सामने मरहूम शेख मुन्ना नियाजी एवं मरहूम अब्दुल रऊफ बाबा नियाजी के इमामबाड़े में जुलूस-ए-मुहम्मदी के मौके पर अकीदतमंदों को तबर्रुक तकसीम किया गया। हाजी शेख जमील नियाजी, हाजी शेख मुबीन नियाजी, हाजी शेख अनवार नियाजी एवं हाजी बाबा सैयद शेख अमीन कर्बलाई साहब की सरपरस्ती में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने तबर्रुक हासिल किया।

इस अवसर पर मोहम्मद रईस नियाजी, मीर फैजान अली नियाजी, हाजी मोहम्मद अनीस नियाजी, मोहम्मद अबरार नियाजी, मोहम्मद हुसैन नियाजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सदर में भी निकला जुलूस

सदर क्षेत्र में दोपहर करीब 2 बजे अकबर खान सरवर, इनायत अली शाह, सिकंदर बाबा, अनवर बाबा आदि की कयादत में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस सदर बाजार की गलियों से गश्त करते हुए जामा मस्जिद सदर बाजार गली नंबर 10 पहुंचा, जहां सलातो-सलाम और दुआ के साथ जुलूस का समापन हुआ।


गढ़ा में संयुक्त जुलूस में उमड़े अकीदतमंद

गढ़ा क्षेत्र में मुजावर मोहल्ला, काजी मोहल्ला, बेदरा मोहल्ला और तकिया मोहल्ला के संयुक्त तत्वावधान में दोपहर करीब 2 बजे जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस की कयादत अल्हाज सैयद इकबाल अहमद शम्स रब्बानी, मौलाना फजले रब अशरफी, सूफी मुबारक कादरी, हाजी तौसीफ रजा, सैयद कादिर अली कादरी, इनायत कादरी और मुईन उस्मानी सहित अन्य लोगों ने की।

जुलूस के दौरान हामिद उस्मानी की ओर से छोटे बच्चों को कपड़े, बड़ों को चुन्नी तथा बिस्किट-टॉफी आदि वितरित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे और लोगों ने उत्साह के साथ जुलूस में शिरकत की।

हुसैन चौक पर विशाल लंगर-ए-आम

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर श्रृंखलाबद्ध आयोजनों के अंतिम दिन बज्म-ए-गुलशन-ए-मदीना के संयोजन में नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक पर जुलूस के समापन के बाद शाम 7 बजे से विशाल लंगर-ए-आम का एहतिमाम किया गया। लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।


इस मौके पर बाबा रिजवान, नकी खान, शाहिद मुबीन, तारिक रजा, अशरफ सिराजी सहित हजारों लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और अमन, भाईचारे तथा खुशहाली की दुआ की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times