जबलपुर। खंदारी जलाशय के किनारे सोमवार दोपहर करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जलाशय के किनारे धूप सेंक रहे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए रेस्क्यू की मांग की।
ग्रामीण छोटेलाल ने बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे खंदारी जलाशय के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर जलाशय के किनारे बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ काफी देर तक किनारे पर धूप सेंकता रहा। इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद कई लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन मगरमच्छ के करीब जाने की किसी ने हिम्मत नहीं की।
जलाशय के आसपास रहती है ग्रामीणों की आवाजाही
ग्रामीणों के अनुसार खंदारी जलाशय के आसपास अक्सर लोगों की आवाजाही रहती है। विभिन्न कामों से ग्रामीण जलाशय के आसपास पहुंचते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि मगरमच्छ जलाशय से बाहर निकलकर आसपास के इलाके में भी पहुंच सकता है।
वन विभाग को दी सूचना
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को फोन कर सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक उन्हें बताया गया कि वन विभाग के कुछ कर्मचारी भोपाल में प्रशिक्षण के लिए गए हुए हैं, जिसके चलते तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। बाद में टीम भेजकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने की जानकारी दी गई।
रेस्क्यू तक सतर्क रहने की अपील
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द टीम भेजकर मगरमच्छ का रेस्क्यू कराने की मांग की है। साथ ही जलाशय के आसपास लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया जाता, तब तक लोगों को जलाशय के किनारे जाने से बचना चाहिए और क्षेत्र में सतर्कता बरतनी चाहिए।
