देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

श्मशान घाट के पास सो रही वृद्धा की निर्मम हत्या, पति पर भी जानलेवा हमला; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

 



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के खितौला स्थित श्मशान घाट के समीप सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। टपरिया में सो रही वृद्धा कृष्णाबाई बर्मन की अज्ञात बदमाशों ने सिर और चेहरे पर पत्थर (चीप) पटककर निर्मम हत्या कर दी। पत्नी को बचाने पहुंचे पति चम्मू बर्मन पर भी हमलावरों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चम्मू बर्मन अपनी पत्नी कृष्णाबाई के साथ पिछले लगभग दस वर्षों से खितौला स्थित श्मशान घाट के पास बनी एक टपरिया में रह रहे थे। देर रात दोनों सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और सो रही कृष्णाबाई पर पत्थर (चीप) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर पति चम्मू बर्मन बीच-बचाव के लिए उठे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

सुबह भाई पहुंचा तो सामने आया खौफनाक मंजर

सोमवार सुबह करीब 9 बजे कृष्णाबाई के भाई सुरेश बर्मन टपरिया पहुंचे तो बहन का शव खून से लथपथ पड़ा मिला, जबकि जीजा चम्मू बर्मन गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहे थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिहोरा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद कृष्णाबाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चम्मू बर्मन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हत्या का मामला दर्ज, संदिग्धों से पूछताछ जारी

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times