गोराबाजार थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया, आरोपियों की तलाश जारी






जबलपुर। शहर के तिलहरी क्षेत्र स्थित डीमार्ट के पास एक मकान पर कथित कब्जे को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने रात के समय बाउंड्री वॉल फांदकर मकान में जबरन प्रवेश किया, वहां रह रहे परिवार के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और घर का सामान बाहर फेंककर मकान पर अपना ताला लगा दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोराबाजार थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम आलूध, थाना मुकवाह (जिला नरसिंहपुर) निवासी अमित गौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पिछले दो माह से ठेकेदार मनीष कुमार रिछारिया के माध्यम से मकान मालिक रवि ढींगरा के तिलहरी स्थित मकान की देखरेख अपनी पत्नी हंसवती और बच्चों के साथ कर रहा था।
रात में दीवार फांदकर घर में घुसे आरोपी

शिकायत के मुताबिक 8 जून की रात करीब 9 बजे वेपूरी आईजक, वेपूरी फिलिप और वेपूरी आशीष बाउंड्री वॉल कूदकर मकान के अंदर घुस आए। तीनों ने मकान पर अपना अधिकार जताते हुए अमित गौड़ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया और उनका सामान बाहर फेंक दिया।
मकान पर लगाया अपना ताला

घटना की सूचना मिलने पर मकान मालिक रवि ढींगरा और ठेकेदार मनीष कुमार रिछारिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि आरोपियों ने मकान पर अपना ताला लगा दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों के सामने भी आरोपी दबंगई करते रहे और कब्जा करने की कोशिश जारी रखी।
गोराबाजार पुलिस ने दर्ज किया मामला

गोराबाजार थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 135, 329(4), 296(ए), 115(2), 351(2) एवं 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार अभी भी घटना के सदमे में है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times