जबलपुर। मध्यप्रदेश में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के खिलाफ विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे संघर्षों को एकजुट कर प्रदेशव्यापी आंदोलन विकसित करने के उद्देश्य से 24–25 नवंबर को जबलपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला सम्पन्न हुई। इसका आयोजन जनसंघर्ष समन्वय समिति, मध्यप्रदेश, सेंटर फॉर फाइनेंशियल अकाउंटिबिलिटी और मौसम द्वारा किया गया। इसमें चुटका (मंडला), भीमपुर (शिवपुरी), वासी (नीमच), बावड़ीखेड़ा (देवास), किंदरई (सिवनी), चौसरा (छिंदवाड़ा) और रोझौंही/सिरमौर (रीवा) सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला में चौसरा (छिंदवाड़ा) में हुई जनसुनवाई की रिपोर्ट भी जारी की गई। कार्यशाला में परमाणु परियोजनाओं से आदिवासी एवं किसान समुदायों की जमीन, जल, जंगल, आजीविका और जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों पर चर्चा हुई। विशेष रूप से चुटका परियोजना से नर्मदा नदी पर मंडराते खतरे को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संयंत्रों की शीतलन व्यवस्था के लिए भारी जल उपयोग, गर्म पानी के निष्कासन और संभावित रेडियोधर्मी प्रदूषण से नर्मदा की जलीय पारिस्थितिकी, मछुआरों, किसानों और नदी पर निर्भर समुदायों के सामने गंभीर संकट पैदा हो सकता है। कार्यशाला को संबोधित करते हुए पर्यावरणविद सौम्या दत्ता ने कहा कि यूरेनियम खनन, रेडियोधर्मी कचरे के दीर्घकालिक निपटान और परमाणु दुर्घटनाओं के जोखिमों के चलते परमाणु ऊर्जा को स्वच्छ ऊर्जा का विकल्प बताना भ्रामक है। जलवायु संकट का समाधान सुरक्षित, विकेंद्रीकृत और नवीकरणीय ऊर्जा व्यवस्था में है। कार्यशाला में बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राजकुमार सिन्हा, जनसंघर्ष समन्वय समिति मध्यप्रदेश के विजय कुमार, दीपमाला पटेल (सीएफए), आराधना भार्गव (किसान संघर्ष समिति), विवेक अवस्थी (राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन) और शिवानंद द्विवेदी (आरटीआई कार्यकर्ता रीवा), विवेक पवार (जन संघर्ष मोर्चा), दादु लाल कुङापे और मीरा बाई मरावी(चुटका परमाणु विरोधी संघर्ष समिति) ने अपनी बात रखी। इसके अलावा सभी निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी।कार्यशाला में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर चुटका, भीमपुर और वासी सहित सभी स्वीकृत एवं प्रक्रियाधीन परमाणु परियोजनाओं को निरस्त करने, अन्य प्रस्तावित स्थलों की स्थिति सार्वजनिक करने, बिजली की वास्तविक जरूरतों का स्वतंत्र ऑडिट कराने, ग्रामसभाओं के संवैधानिक अधिकारों का पालन करने तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आजीविका की गारंटी देने की मांग की गई।
न्यूक्लियर पावर हब’ बनाने की कोशिशों के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का संकल्प
byEditor In Chief- मो.अशफाक आरिफ़
-
0
