देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफ — मोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

मप्र हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति में आरक्षण की मांग वाली याचिका खारिज

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की नियुक्ति में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पर्याप्त प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर दायर याचिका खारिज कर दी। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत  कोगजे तथा न्यायमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ ने ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन बनाम भारत संघ एवं अन्य में यह निर्णय सुनाया। याचिका में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के लिए सात अधिवक्ताओं को न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा को चुनौती दी गई थी। आरक्षित वर्गों के प्रतिनिधित्व का मुददे पर याचिकाकर्ता एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ता उदय कुमार साहू ने तर्क दिया कि सात अनुशंसित अधिवक्ताओं में से कोई भी अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित नहीं है, जबकि केवल एक अधिवक्ता अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित है। याचिका में आरोप लगाया गया था कि हाईकोर्ट कॉलेजियम द्वारा 13 मई 2026 को अपनाई गई प्रक्रिया में अधिवक्ता संघों को सार्वजनिक सूचना नहीं दी गई और न ही चयन के लिए पारदर्शी एवं वस्तुनिष्ठ मानदंड निर्धारित किए गए। इससे एससी, एसटी, ओबीसी और महिला अधिवक्ताओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल सके।

याचिकाकर्ता ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश राज्य के पुनर्गठन के बाद से आरक्षित वर्गों के अधिवक्ताओं को हाईकोर्ट में अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता एवं शासकीय अधिवक्ता जैसे पदों पर पर्याप्त अवसर नहीं मिला है। इससे न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए उपलब्ध प्रतिभाओं के चयन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

खंडपीठ ने अपने निर्णय में सुप्रीम कोर्ट के अन्ना मैथ्यूज एवं अन्य बनाम सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया एवं अन्य (2023) 5 एससीसी 661 के निर्णय का उल्लेख किया।

हाईकोर्ट ने कहा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति के मामले में न्यायिक समीक्षा का दायरा सीमित है। न्यायालय कॉलेजियम की अनुशंसा को निरस्त करने अथवा उसे पुनर्विचार के लिए वापस भेजने का निर्देश नहीं दे सकता, क्योंकि ऐसा करना कॉलेजियम के निर्णय का मूल्यांकन कर उसकी जगह न्यायालय की व्यक्तिगत राय रखने के समान होगा।

न्यायालय ने स्पष्ट किया कि न्यायिक समीक्षा के अंतर्गत मुख्यतः संविधान के अनुच्छेद 217(2) के तहत निर्धारित पात्रता तथा अनुच्छेद 217(1) के अंतर्गत प्रभावी परामर्श की प्रक्रिया की जांच की जा सकती है। खंडपीठ ने पूर्व में पारित मारुति सोंधिया बनाम भारत संघ एवं अन्य में निर्णय 28 मई 2024 का भी उल्लेख किया। न्यायालय ने कहा कि संविधान अथवा न्यायिक निर्णयों में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति में किसी जाति या वर्ग के लिए आरक्षण अथवा पर्याप्त और आनुपातिक प्रतिनिधित्व का प्रावधान निर्धारित नहीं किया गया है। पूर्व निर्णय में यह स्पष्ट किया जा चुका है कि सभी वर्गों को आनुपातिक प्रतिनिधित्व देने की मांग के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया में आरक्षण लागू नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने कहा कि हाईकोर्ट के न्यायाधीश का पद एक उच्च संवैधानिक पद है, न कि राज्य सरकार के अधीन कोई सामान्य सिविल पद अथवा कार्यकारी रोजगार। न्यायाधीशों की नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 217 तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित बाध्यकारी न्यायिक सिद्धांतों के अनुसार होती है। इसलिए नियुक्ति के लिए सार्वजनिक विज्ञापन जारी नहीं करना अथवा औपचारिक आवेदन प्रक्रिया नहीं अपनाना अपने आप में संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन नहीं है। याचिकाकर्ता ने विभिन्न तिथियों पर प्रस्तुत अभ्यावेदनों का हवाला देते हुए कहा था कि आरक्षित वर्गों के प्रतिनिधित्व संबंधी मांगों पर विचार नहीं किया गया। इस संबंध में न्यायालय ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा किसी जनशिकायत को उचित ध्यान देने के लिए राज्य सरकार को अग्रेषित करना, नियुक्ति प्राधिकारी की ओर से बाध्यकारी संवैधानिक निर्देश नहीं बन जाता।

कॉलेजियम द्वारा ऐसे अभ्यावेदनों पर पृथक कारणयुक्त आदेश पारित नहीं करना भी उसकी अनुशंसा को अवैध नहीं बनाता। न्यायालय ने राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता और शासकीय अधिवक्ताओं की नियुक्ति से संबंधित शिकायत को न्यायाधीशों की नियुक्ति की संवैधानिक प्रक्रिया से अलग माना। खंडपीठ के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा विधि अधिकारियों की नियुक्ति कार्यकारी नीति और व्यावसायिक विश्वास के आधार पर होती है। इसे हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति की प्रक्रिया के साथ जोड़कर चुनौती नहीं दी जा सकती। खंडपीठ ने कहा कि समान आधारों पर पूर्व में दायर याचिका खारिज की जा चुकी है और वर्तमान याचिका में ऐसा कोई नया आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है, जिसके कारण अलग दृष्टिकोण अपनाया जाए । तदोपरांत न्यायालय ने याचिका खारिज कर दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times
askari times