मध्यप्रदेश में 5 साल बाद आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती, 3,062 पद भरने की तैयारी
भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे इंतजार के बाद आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश में 3,062 रिक्त पदों को भरने की तैयारी की गई है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया नवंबर में शुरू होने और अंतिम चयन वर्ष 2027 की शुरुआत में पूरा होने की संभावना है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश में कुल 3,062 आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पद भरे जाने हैं। ग्रामवार रिक्त पदों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
16 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 16 नवंबर 2026 से खोला जाएगा। महिला अभ्यर्थी 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगी। आवेदन एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से किए जाने की जानकारी दी गई है।
आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता
भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष बताई गई है। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा।
जिला स्वास्थ्य समिति करेगी चयन की निगरानी
ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं का चयन संबंधित जिले की जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में किया जाएगा। समिति की अध्यक्षता संबंधित जिले के कलेक्टर द्वारा की जाएगी। चयन ग्रामवार स्वीकृत पदों के आधार पर किया जाएगा।
ग्रामसभा से होगा प्रस्ताव का अनुमोदन
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार प्राप्त आवेदनों को 17 से 25 दिसंबर 2026 के बीच संबंधित ग्रामसभाओं के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक ग्रामसभा पात्र अभ्यर्थियों के प्रस्ताव पारित कर संबंधित स्तर पर भेजेगी।
फरवरी 2027 तक अंतिम चयन की तैयारी
ग्रामसभा से अनुमोदित प्रस्तावों पर 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक विकासखंड स्तर पर दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर अपीलों की सुनवाई पूरी कर अंतिम चयन सूची जारी करने की प्रक्रिया होगी।
