तिलवारा-गोहलपुर में स्मैक तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच, तिलवारा और गोहलपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 14.44 ग्राम स्मैक, नकदी, मोबाइल फोन और एक ब्रेजा कार जब्त की गई है।
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा के अनुसार 3 नवंबर को क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम जोधपुर पड़ाव में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चरगवां की ओर से आ रही लाल रंग की ब्रेजा कार MP 20 CG 0401 पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगी।
संदेह होने पर पुलिस ने कार का पीछा कर उसे रोका। कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपने नाम राहुल साहू (31), निवासी गोपाल मंदिर गोहलपुर और विकास पटेल (30), निवासी गंज खमरिया-बोरिया, कटंगी बताए।
दोनों की जेब से स्मैक की पुड़ियां मिलीं
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान राहुल साहू और विकास पटेल की जेबों से कागज की पुड़ियों में स्मैक मिली। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वजन कराने पर कुल 11 ग्राम स्मैक पाई गई।
नकदी: ₹17,330
मोबाइल: 3 नग
वाहन: ब्रेजा कार MP 20 CG 0401
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्मैक गोटेगांव क्षेत्र के एक व्यक्ति से खरीदकर फुटकर बिक्री के लिए लाने की बात कही है। दोनों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
रद्दी चौकी में पुलिस देखकर भागने लगा युवक
दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और गोहलपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम रद्दी चौकी क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने अपना नाम सज्जाद खान (27), निवासी सैय्यद मोहल्ला, बजरंग वार्ड, गोटेगांव जिला नरसिंहपुर बताया। तलाशी में उसकी शर्ट की जेब से पारदर्शी पन्नी में स्मैक मिलने का दावा किया गया।
एक अन्य आरोपी मौके से फरार
पूछताछ में सज्जाद ने पुलिस को बताया कि वह गोटेगांव नया बाजार निवासी मोनू चौधरी के साथ बिना नंबर की लाल रंग की सुजुकी जिक्सर मोटरसाइकिल से जबलपुर आया था और रद्दी चौकी के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनुसार मोनू चौधरी टीम को देखकर मौके से भाग गया।
सज्जाद के खिलाफ भी धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
क्राइम ब्रांच, तिलवारा और गोहलपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दोनों कार्रवाइयों में क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, थाना तिलवारा और थाना गोहलपुर के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अब स्मैक की सप्लाई के स्रोत, फुटकर बिक्री के नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
.png)