देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

मूर्तिकार मनोज सोनकर हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, निक्की चौधरी को पुलिस ने दबोचा




जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में मूर्तिकार मनोज सोनकर उर्फ बाबा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी निक्की चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्याकांड में उसकी भूमिका जांच के दौरान सामने आई। इस मामले में मुख्य आरोपी शुभम मराठा की बहन स्वाती राव उर्फ शीनू और बाबा टोला निवासी सुमित चौधरी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के मुताबिक पंजाव बैंक कॉलोनी निवासी निक्की चौधरी वारदात के समय मुख्य आरोपी शुभम मराठा के साथ घटनास्थल पर मौजूद था। विवेचना के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी भूमिका की जांच की और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

4 सितंबर की रात हुई थी मनोज सोनकर की हत्या

पुलिस के अनुसार 4 सितंबर की रात मनोज सोनकर मूर्ति बनाने के काम में व्यस्त था। इसी दौरान शुभम मराठा और भरत यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि मनोज पर गोली चलाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

स्वाती के घर साजिश रचे जाने का पुलिस का दावा

जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली कि मनोज सोनकर की हत्या की साजिश कथित रूप से स्वाती के घर पर तैयार की गई थी। पुलिस इस एंगल से हत्याकांड में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और अब तक सामने आए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

2021 की हत्या से जुड़ी बताई जा रही पुरानी रंजिश

पुलिस के अनुसार हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। वर्ष 2021 में मनोज सोनकर के बेटों अनिकेत और छोटू पर शुभम और स्वाती के भाई बिद्ध मराठा की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते मनोज सोनकर को निशाना बनाने की साजिश रची गई।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही घटना की साजिश, हथियार और आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाओं से जुड़े साक्ष्यों की जांच भी की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times