जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शुक्रवार रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट और स्नैचिंग की दो वारदातों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। अधारताल क्षेत्र में फैक्ट्री से लौट रहे एक युवक को चाकू मारकर नकदी और मोबाइल लूट लिया गया, जबकि घमापुर में पैदल घर लौट रहे ठेकेदार के हाथ से बाइक सवार बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
गुटखा मांगने के बहाने रोका, विरोध करने पर चाकू से किया हमला
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पनागर निवासी अमित खटीक, जो रिछाई स्थित सांई कृपा फैक्ट्री में काम करता है, शुक्रवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जब वह रिछाई ब्रिज पर पहुंचा, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।
बदमाशों ने पहले उससे गुटखा मांगा। अमित द्वारा मना करने पर दो युवक उसके दोनों ओर खड़े हो गए, जबकि तीसरा उसकी जेब की तलाशी लेने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से उसकी बाईं जांघ पर वार कर दिया। इसके बाद उसकी जेब में रखे 8 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अमित को उपचार के लिए लाइफ लाइन अस्पताल, सुहागी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घमापुर में चलते राहगीर से मोबाइल झपटा
उधर, घमापुर थाना क्षेत्र में भी शुक्रवार देर रात मोबाइल स्नैचिंग की वारदात सामने आई। कांचघर निवासी पवन कुमार मोगरे, जो निजी ठेकेदारी का काम करते हैं, ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 11:10 बजे कृष्णा कॉलोनी से पैदल घर लौट रहे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे।
जैसे ही वह मुलियाबाई धर्मशाला के पास पहुंचे, पीछे से काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी शीतलामाई मंदिर की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार सामने आ रही लूट और स्नैचिंग की घटनाओं ने शहर में देर रात आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
